आवाज़ हम सबकी
उदयपुर के गोगुंदा थाना क्षेत्र में प्रसादी का आयोजन करने को लेकर सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है। नेतावतो की भागल भूताला निवासी गणेश सिंह राजपूत ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, भेरूजी बावजी मंदिर में प्रसादी का आयोजन करने पर कुछ लोगों ने पंचायत बुलाई। आरोप है कि बिना ग्रामीणों की अनुमति लिए प्रसादी आयोजित करने की बात कहकर गणेश सिंह और उनके भाई का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया। साथ ही, उनके गांव में आने-जाने पर रोक लगाने की बात कही गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 9 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन उस वक्त सियासी भूचाल आ गया, जब वार्ड संख्या 23 से भाजपा प्रत्याशी अपना नामांकन वापस लेने के लिए उपखंड कार्यालय पहुंचा। बताया जा रहा है कि भाजपा प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने की भनक भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पहले ही लग गई थी। इसके बाद बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक उपखंड कार्यालय के बाहर जुट गए। प्रत्याशी के पहुंचते ही कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से धक्कामुक्की और झड़प तक पहुंच गया। कुछ देर के लिए उपखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उदयपुर में नगर निगम चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची और वार्ड परिसीमन को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-3 के एक ही मकान में रहने वाले परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग वार्डों में दर्ज हैं। सास वार्ड 53 की मतदाता हैं, जबकि बेटा और बहू का नाम वार्ड 52 में है। अब सवाल उठ रहा है कि एक ही पते पर रहने वाले परिवार के सदस्यों को अलग-अलग वार्डों में किस आधार पर शामिल किया गया। उदयपुर के सेक्टर-3 स्थित समता नगर में मतदाता सूची का यह मामला चर्चा में है। मकान नंबर 26 में रहने वाली ललिता का नाम वार्ड नंबर 53 में दर्ज है, जबकि उनके बेटे पंकज और पुत्रवधू का नाम वार्ड नंबर 52 में है। तीनों एक ही मकान में रहते हैं। ऐसे में एक ही पते पर रहने वाले परिवार के सदस्यों के अलग-अलग वार्डों में नाम दर्ज होने से सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि यह स्थिति किस वजह से बनी, यह संबंधित मतदाता सूची और वार्ड सीमा के रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल चुनाव में परिवार के सदस्य अलग-अलग वार्डों के उम्मीदवारों को वोट देंगे।
हाथीपोल थाना क्षेत्र के सहेलियों की बाड़ी रोड स्थित हेरिटेज लोक मरुधर नृत्य के बाहर मंगलवार को फायरिंग की घटना सामने आने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशीफ उर्फ अली ने इरफान बन्ना पर तौर पर दो गोलियां चलाईं। फायरिंग में इरफान घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी राजेश यादव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फायरिंग के कारणों के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर पूरी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। घायल इरफान के भाई बिलाल ने बताया कि उनका मछली का सरकारी और लाइसेंस वाला ठेका है। बिलाल के मुताबिक एक दिन पहले एक व्यक्ति को अवैध रूप से मछली पकड़ने से रोका गया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आज उसके भाई पर गोली चला दी गई। बिलाल के मुताबिक विवाद मछली के ठेके पर अवैध मछली पकड़ने से रोकने को लेकर हुआ था। डॉक्टरों ने घायल इरफान की हालत फिलहाल सामान्य बताई है। बिलाल ने दो-तीन राउंड फायर किए जाने की जानकारी दी। सबसे बड़ा सवाल इसलिए भी उठ रहा है, क्योंकि उदयपुर में महज दो दिन पहले भी सवीना थाना क्षेत्र में फायरिंग की वारदात सामने आई थी। यानी दो दिन के भीतर शहर में फायरिंग की दूसरी घटना ने पुलिस प्रशासन की कानून व्यवस्था और अपराधियों में पुलिस के खौफ को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उदयपुर में सामने आए इन दो मामलों के बाद पुलिस ने लापता युवतियों की तलाश तेज कर दी है। पहला मामला बड़गांव थाना क्षेत्र के मदार गांव का है। पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार मदार निवासी प्रार्थी ने बताया कि उनकी बेटी 30 अगस्त को बिना कुछ बताए घर से अचानक चली गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सोमवार को बड़गांव थाने में लिखित रिपोर्ट दी गई। मामले की जांच बड़गांव थाने के सहायक उपनिरीक्षक सोहन सिंह को सौंपी गई है। पुलिस संभावित ठिकानों पर युवती की तलाश करने के साथ मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। दूसरा मामला अम्बामाता थाना क्षेत्र की अम्बागढ़ कच्ची बस्ती से सामने आया है। पुलिस में दर्ज प्रकरण के अनुसार प्रार्थी की भतीजी 26 अगस्त को सुबह करीब 5.30 बजे बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद सोमवार को अम्बामाता थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। प्रार्थी ने गोविंद और राजू नामक व्यक्तियों पर संदेह जताया है। अम्बामाता थाना पुलिस ने नामजद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पाटीदार को सौंपी गई है। दोनों ही मामलों में जांच अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहे हैं और लापता युवतियों के बारे में जानकारी जुटाने में लगे हैं। वहीं शहर में लगातार सामने आ रही गुमशुदगी की घटनाओं ने पुलिस और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
उदयपुर में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सहेलियों की बाड़ी रोड स्थित हेरिटेज लोक मरुधर नृत्य के बाहर दो फायर किए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशीफ उर्फ अली ने इरफान बन्ना पर कथित तौर पर दो गोलियां चलाईं। फायरिंग में इरफान घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डिप्टी राजेश भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फायरिंग के कारणों और आरोपियों की तलाश को लेकर जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और फायरिंग की पूरी घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए उदयपुर जिले में नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। अंतिम दिन छह नगर निकायों में 753 प्रत्याशियों ने 831 नामांकन पत्र दाखिल किए। 27 अगस्त से 31 अगस्त तक कुल 845 प्रत्याशियों ने 931 पर्चे भरे हैं। इनमें नगर निगम उदयपुर में 333 प्रत्याशियों ने 379 नामांकन दाखिल किए। नामांकन पत्रों की संवीक्षा आज मंगलवार को हो रही है, जबकि प्रत्याशी 3 सितंबर दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए उदयपुर जिले में मतदान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिले के छह नगरीय निकायों में 190 वार्ड और 523 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 4 लाख 73 हजार 690 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2 लाख 38 हजार 142 पुरुष, 2 लाख 35 हजार 529 महिलाएं और 19 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। उदयपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 4 लाख 16 हजार 143 मतदाता हैं।चुनावी रंग में सीएम के ओएसडी भी रंगे नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी पत्नी को टिकट दिलाया है। भाजपा ने जयपुर में सीएम भजनलाल शर्मा के ओएसडी आनंद शर्मा की पत्नी प्रतिभा शर्मा को वार्ड 87 से टिकट दिया है। वहीं निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट काटकर प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष सुनील कोठारी को वार्ड 112 से उतारा गया है। पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को भी भाजपा ने टिकट दिया है।
Stay updated with the latest morning news from Udaipur and surrounding areas
Live virtual tour of the magnificent City Palace complex
Traditional Rajasthani folk music and dance performances
Featuring successful local entrepreneurs and their stories